फिरोजाबाद। परिषदीय विद्यालयों के बच्चे अब गुरुजी को प्रमोशन दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे। विद्यार्थियों का बेहतर परीक्षा परिणाम शिक्षकों को प्रोन्नति के लिए अच्छे अंक दिला सकता है। शिक्षकों की वार्षिक रिपोर्ट तैयार करने के लिए अंकों का निर्धारण किया गया है। इसमें शिक्षकों को विद्यार्थियों की कक्षा में बेहतर उपस्थिति के लिए भी अंक दिए जाएंगे। वहीं ऑपरेशन कायाकल्प अभियान के सभी बिंदुओं की तृप्ति होने पर भी शिक्षकों को प्रोन्नति अंक मिलेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापकों एवं सहायक अध्यापकों की गोपनीय रिपोर्ट तैयार करने के संबंध में प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं। जिले के सभी शिक्षक 15 अप्रैल तक निर्धारित प्रारूप पर ब्योरा भरेंगे। अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित कुल 100 अंकों वाले इस ब्योरे को शिक्षकों को मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कराना होगा। बीएसए 31 मई तक वार्षिक रिपोर्ट को पोर्टल पर सबमिट करेंगे। सर्वाधिक अंक अंतिम परीक्षा के परिणाम में विद्यार्थियों को प्राप्त ग्रेड के अनुसार मिलेंगे। इससे ही परिषदीय शिक्षकों को पदोन्नति मिलेगी।
इन नियमों पर उतरना होगा खरा
विद्यालय प्रबंध समिति की नियमित बैठक में प्रतिभाग करने पर 10 अंक, छात्रों द्वारा पुस्तकालय का नियमित प्रयोग करने पर 10 अंक, शिक्षण संग्रह माड्यूल को शिक्षण कार्य में नियमित प्रयोग करने पर 10 अंक मिलेंगे। विद्यालय में 60 से 80 फीसद तक छात्रों की उपस्थिति पर पांच अंक, विद्यालय में छात्रों की 80 फीसद से अधिक उपस्थिति पर 10 अंक। डिजिटल शिक्षा सामग्री का नियमित प्रयोग करने पर 10 अंक। छात्र परिणाम पत्र सभी छात्रों को शत-प्रतिशत वितरित करने पर 10 अंक। स्कूल नहीं पहुंच रहे बच्चों का सर्वेक्षण व चिह्नित बच्चों का नामांकन कराने पर 10 अंक। शिक्षकों की 80 फीसदी से अधिक उपस्थिति पर 10 अंक निर्धारित किए गए हैं।
महानिदेशक शिक्षा ने शिक्षकों की प्रोन्नति के संबंध में पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था नए सत्र से सभी शिक्षकों पर लागू हो जाएगी। स्कूल के परीक्षा परिणाम के आधार पर शिक्षकों को अंक दिए जाएंगे। -अवध किशोर, एडी बेसिक