आगरा में परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइक को ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। एक छात्र के ऊपर से ट्रैक्टर ट्राॅली का पहिया गुजर गया। छात्र की माैके पर ही माैत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अवैध खनन से मिट्टी ले जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक छात्र की जान ले ली। झरना नाले के पास हुए इस हादसे में सौरभ (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हैं। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
विज्ञापन
घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। थाना बरहन कस्बे के मोहल्ला टंकी निवासी सौरभ अपने साथियों रुद्र प्रताप और तरुण के साथ बाइक से यूनिवर्सिटी कैंपस में परीक्षा देने जा रहा था। तभी एनएच-19 पर झरना नाले के पास पीछे से आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर का पहिया सौरभ के ऊपर से गुजर गया।
घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। घायल साथी तरुण ने फोन कर परिजन को सूचना दी तो कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, चालक की तलाश की जा रही है।