आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के एक आईटीआई कॉलेज के शिक्षक और उनके साथी पर छात्र से 1.50 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। छात्र की मां का आरोप है कि दोनों ने बेटे को मेट्रो में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
कमला नगर में किराये के मकान में रहने वाली रश्मि ने तहरीर में पुलिस को बताया कि उनका बेटा संस्कार जगदंबा आईटीआई कॉलेज में पढ़ता था। कॉलेज में खेरागढ़ निवासी दीपक मिश्रा शिक्षक हैं। पढ़ाई के बाद भी बेटा शिक्षक के संपर्क में था। आईटीआई डिप्लोमा पूरा होने के बाद दीपक मिश्रा और उसके साथी पंकज उपाध्याय (निवासी खेरागढ़) ने उन्हें फोन किया। कहा कि आपके बेटे की मेट्रो में नौकरी लगवा देंगे।
उन्होंने आरोपियों की बातों में आकर पिछले साल 2024 में 50 हजार रुपये ऑनलाइन और एक लाख रुपये नकद दे दिए। कई महीने बाद भी नौकरी नहीं लगी। रुपये लौटाने की बात कहने पर टरकाते रहे। अब साफ मना कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।