आगरा के गांव नवलपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल के सातवीं के छात्र कृष्णा को मंगलवार को स्कूल में इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसके हाथ की हड्डी टूट गई और कमर पर खून निकल आया।
पिटाई का आरोप विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम नयन यादव पर है। छात्र का कहना है कि प्रधानाध्यापक को शक था कि स्कूल के बाहर खड़ी उनकी आई-20 कार पर निशान उसने डाले हैं। इसी शक में उसे डंडे से पीटा।
दलित दर्शन सिंह का पुत्र कृष्णा एक महीने से स्कूल नहीं जा रहा था। वह बहन की ससुराल मथुरा गया था। दर्शन सिंह नवलपुर केपास ही केले पकाने की फैक्ट्री में काम करते हैं।
हाथ में हो गया फ्रैक्चर
- फोटो : अमर उजाला
वह मंगलवार को पिता को खाना देने के लिए गया था। फैक्ट्री से घर लौट रहा था। जैसे ही स्कूल के बाहर से गुजरा, तभी प्रधानाध्यापक की नजर उस पर पड़ गई।
वह उसे डांट ही रहे थे कि उसने बताया कि सर, आपकी कार पर निशान पड़े हैं, कोई बच्चा कंकड़ से खुरच गया है। यह सुन राम नयन कार की ओर दौड़े। उन्होंने कहा कि कोई और नहीं, यह हरकत तूने ही की है।
आरोप है कि इसके बाद उन्होंने डंडा उठाया और कृष्णा को पीटना शुरू कर दिया। इतना पीटा कि उसके हाथ की हड्डी टूट गई। कमर की खाल उधड़ गई, खून निकल आया। वह रोता हुआ घर पहुंचा और मां को लेकर आया।
एसडीएम के निर्देश पर एफआईआर दर्ज
थोड़ी देर बाद वहां एसडीएम रजनीश मिश्र किसी और काम से पहुंचे। काजल ने उनकी गाड़ी रोक ली। उन्हें घटनाक्रम बताया। एसडीएम ने थाना प्रभारी को घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। फिर पुलिस ने केस दर्ज किया।
प्रधानाध्यापक राम नयन यादव का कहना है कि कार पर खुरचने के निशान पड़े देख उन्होंने छात्र कृष्णा की डांट लगाई थी। वह एक महीने से स्कूल भी नहीं आ रहा था। पिटाई किए जाने का आरोप गलत है।
गत नौ मार्च को बिचपुरी के अजीजपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में फर्जी शिक्षक की पिटाई से छात्र के कान का पर्दा फट गया था। यह युवक एक शिक्षक की जगह छात्रों को पढ़ाने के लिए आता था।