कासगंज। कासगंज, सोरोंजी, सहावर, गंजडुंडवारा क्षेत्र में शनिवार को दिन में कई बार तेेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई। तेज बारिश होने पर गेहूं, सरसों, टमाटर, तंबाकू, लहसुन आदि की फसल को नुकसान की आशंका से किसान परेशान नजर आए।
सुबह से ही बादल छाए रहे। करीब 10 बजे कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। कमोवेश दोपहर में भी तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस समय किसान सरसों की फसल की कटाई कर रहा है। गेहूं की फसल भी लगभग पक चुकी है। टमाटर, तंबाकू, लहसुन सहित अन्य फसलें भी खेतों में हैं। किसान तेज बारिश होने पर फसलों के नुकसान होने की संभावना से आशंकित नजर आए।
सहावर में दो बार हल्की बूंदाबांदी हुई। सोरोंजी व आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ आधे घंटे तक बूंदाबांदी होती रही। गंजडुंडवारा, अमांपुर क्षेत्र में दोपहर के समय रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।