घिरोर (मैनपुरी)। थाना पुलिस की कार्यशैली से गुस्साए सब्जी विक्रेता रविवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे।
उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना प्रदर्शन जारी रखा। भाजपाइयों ने कस्बे में सब्जी की बिक्री कराई।
कस्बा के सब्जी विक्रेताओं ने थाना पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शनिवार से सब्जी की बिक्री बंद कर दी थी। विक्रेताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था।
शनिवार शाम को एसडीएम विनय कटियार, सीओ दद्दन प्रसाद गौड़ की मौजूदगी में थाने में बैठक भी हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। रविवार को भी सब्जी विक्रेताओं ने काम नहीं किया। सब्जी विक्रेता अजय कुमार ने बताया कि जब तक आला अधिकारी उनकी समस्या पर ध्यान नहीं देंगे, तब तक अधिकृत विक्रेता सब्जी नहीं बेचेंगे। भाजपा नेताओं ने भी मामले में हस्तक्षेप किया तो सब्जी विक्रेताओं ने उन्हें राजनीति न करने की सलाह दी। रविवार को जब सब्जी विक्रेता अपने ठेले लेकर नहीं निकले तो भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने अपने साथियों के साथ कुछ युवाओं को तैयार करके कस्बे में सब्जी की बिक्री कराई।