मोहल्ला जाटवान में एक माह से पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों ने शनिवार को तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन किया। एसडीएम राजेश कुमार जायसवाल को शिकायती पत्र देकर पानी की आपूर्ति सुचारु करने की मांग की गई। यहां पानी की समस्या से 1200 लोग परेशान हैं।
जाटवान मोहल्ले के लोगों ने बताया कि एक माह से नगर पंचायत की पाइप लाइन से पानी नहीं आ रहा है। इसके चलते भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सपा नेता नीरज चक और असलम खान के नेतृत्व में मोहल्ले के लोग मटका और बाल्टी लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की। इसके बाद एसडीएम को पत्र देकर जल्द सप्लाई सुचारु करने की मांग की गई।
लोगों ने बताया कि सुबह उठते ही उन्हें पानी भरने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। एसडीएम ने नगर पंचायत को दो के स्थान पर चार इंच की पाइपलाइन डालने और टैकरों से सुबह शाम आपूर्ति के निर्देश दिए। इस मौके पर राजेश शर्मा, दिनेश कुमार, शेखर, श्रीराम, रेनू, मनीष वर्मा, मनोज कुमार, मंजू, मिथिलेश, राजेश्वरी, अनीता, रानी, आशा देवी और आभा मौजूद रहीं।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष आशा देवी ने बताया कि टैंकर से सप्लाई के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही चार इंज की पाइप लाइन लगवाने का काम भी शुरू कराया जाएगा। संवाद