छुट्टा गोवंश दे रहे हादसों को बढ़ावा
बेवर। नेशनल हाईवे एनएच 34 पर जगह-जगह छुट्टा गोवंश के विचरण करने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क दुघर्टनाएं भी बढ़ रही हैं। लोगों ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
बेवर क्षेत्र से गुजरे नेशनल हाईवे एनएच 34 पर छुट्टा गोवंशों के जगह-जगह झुंड दिखाई दे रहे हैं। केवल दिन में ही नहीं रात में भी इन झुंडों के चलते वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। छुट्टा गोवंशों के विचरण करने से कई वाहन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि सरकार ने हिट एंड रन जैसे कानून तो बना दिए हैं। लेकिन चालकों की समस्याओं के हल के लिए कोई कारगर उपाय नहीं किए गए हैं। लोगों का कहना है कि खुले में घूम रहे गोवंश की समस्या से लोगों को निजात दिलाई जाए। गोवंश को पकड़वाकर गोशाला में भेजा जाए। क्षेत्रवासी रामपाल सिंह, सुखवीर सिंह, महीपाल सिंह, सुधीर कुमार, रामप्रकाश सिंह, जगदीश सिंह, दिनेशचंद्र, रवींद्र सिंह, गोपाल सिंह ने छुट्टा गोवंश से निजात दिलाने के लिए उनको पकड़वाकर गोशाला में भिजवाने की मांग की है। संवाद