महामंत्री राजकिशोर यादव के आवास पर टेट की अनिवार्यता के प्रकरण में बैठक करते शिक्षक संघ के पदा
- फोटो : महामंत्री राजकिशोर यादव के आवास पर टेट की अनिवार्यता के प्रकरण में बैठक करते शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को महामंत्री राजकिशोर यादव के आवास पर बैठक की। बैठक में 2011 से पूर्व के सेवारत शिक्षकों पर टेट की अनिवार्यता होने पर आंदोलन की तैयारी के लिए रणनीति बनाई।
जिलाध्यक्ष गोविंद पांडेय ने कहा कि 2011 से पूर्व के सेवारत शिक्षकों पर टेट की अनिवार्यता वाले प्रकरण पर आंदोलन के साथ-साथ सर्वोच्च न्यायालय में भी विभिन्न याचिकाओं के माध्यम से पक्ष रखे जाने का निर्णय प्रांतीय नेतृत्व द्वारा लिया गया है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त मोर्चे के माध्यम से साझा रणनीति तैयार की जा रही है। कोषाध्यक्ष अवधेश शाक्य ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व ने लाखों शिक्षकों के हित को देखते हुए भारत सरकार से तीन अगस्त 2017 वाले संशोधन को निरस्त करने का अनुरोध किया है। लेकिन अब तक सरकार की तरफ से कोई सकारात्मक पहल दिखाई नहीं दी।
इससे संगठन ने राष्ट्रीय स्तर पर मोर्चा बनाकर संयुक्त रणनीति के माध्यम से आंदोलन की तैयारी प्रारंभ कर दी है। संयुक्त मंत्री सुभाष चंद्र ने कहा कि संगठन ने न्यायालय में भी अपना पक्ष मजबूती से रखने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ कार्य शुरू कर दिया है। सभी शिक्षक इस मुद्दे पर संगठित रहे आपकी एकता ही हमें इस लड़ाई में जीत दिलाएगी। इस दौरान कृष्ण कुमार, सुनील दुबे, रोहित चौहान, विजय बहादुर, अजय सिंह बैस, मोहम्मद रफी, नवीन सक्सेना, प्रसून पांडेय आदि शिक्षक मौजूद रहे।