आगरा। कमला नगर इलाके की बीएड की छात्रा को एक युवक काफी समय से परेशान कर रहा था। युवक ने सोमवार को बल्केश्वर महादेव मंदिर के पास उसे रोक लिया। स्कूटी की चाबी निकाल ली और हाथ पकड़ लिया। छात्रा के शोर मचाने पर लोग जुट गए। उन्होंने आरोपी ओमबाबू को पकड़कर पिटाई लगाई। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
युवती थाना कमला नगर इलाके की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि लाल मस्जिद के पास, बल्केश्वर निवासी ओमबाबू उर्फ भूरा आये दिन पीछा करके परेशान कर रहा था। सोमवार को वो स्कूटी से जा रही थी। बल्केश्वर महादेव मंदिर के पास आरोपी ने उसको रोक लिया। स्कूटी की चाबी निकाल ली। इसके बाद हाथ पकड़ लिया और जोर जबर्दस्ती करने लगा। इस पर उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर लोग जुट गए। उन्होंने ओमबाबू को पकड़ लिया। उसकी पिटाई लगा दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। थाना कमला नगर के प्रभारी निरीक्षक उत्तम चंद पटेल का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।