टोरंट ने तीन के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट, महिलाओं ने लगाया अभद्रता का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
सेवला के नई आबादी क्षेत्र में छापेमारी करने गई टोरंट की टीम पर क्षेत्रीय लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें टोरंट के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ कर्मचारियों के भी चोट आई है। इस संबंध में टोरंट ने थाना सदन में तीन नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इधर, क्षेत्रीय महिलाओं ने टोरंट कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप लगाया है।
टोरंट की टीम गुरुवार अपराह्न लगभग साढ़े ग्यारह बजे सेवला के नई आबादी, नारायण विहार में बिजली चोरी रोकने के लिए छापेमारी करने पहुंची। क्षेत्रीय लोगों का टीम से विवाद हो गया। नारेबाजी की। लोगों ने टीम के सदस्यों को आगे नहीं बढ़ने दिया। टीम लौटने लगी तो लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें टोरंट के दो वाहनों के शीशे टूट गए।
इस संबंध में टोरंट के अधिकारी गोपाल ने सोनाराम, लाखन सिंह और संदीप सेन सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सदर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इधर, क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि टोरंट के कर्मचारिओं ने बिजली चेकिंग के नाम पर महिलाओं से अभद्रता की। इस पर क्षेत्रीय लोग एकजुट गए।
मौके पर पहुंचे भाजपा नेता गोविंद चाहर का कहना था कि टोरंट के कर्मचारी पुरुषों के घर पर न होने पर ही चेकिंग के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि टोरंट यदि किसी बेकसूर पर कार्रवाई करेगी तो उनके कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। विरोध व्यक्त करने वालों में ऋषि गुप्ता, रघुराज, शिवराम, दिनेश, संदीप, भगत सिंह, मंगल सिंह आदि मौजूद थे। टोरंट के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि इस क्षेत्र में लोग कटिया डालकर बिजली चोरी करते हैं। ऐसे कुछ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आने वाले दिनों में पुलिस-प्रशासन की मदद से यहां बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा।