फिरोजाबाद जसराना के थानूमई में गुरुवार को राशन दुकान के प्रस्ताव के दौरान कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पथराव होते ही प्राथमिक स्कूल प्रांगण में मौजूद ग्रामीण दहशत में आ गए। मौके पर तैनात पुलिस ने पथराव से इंकार किया है।
जसराना के गांव थानूमई में गुरुवार को राशन की दुकान का प्रस्ताव होना था। एसडीएम शिकोहाबाद संगम लाल यादव के निर्देश पर हाथवंत ब्लाक के एडीओ समाज कल्याण कमल सिंह, पंचायत सचिव रवींद्र कुमार ने गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में खुली बैठक बुलाई। इसमें ग्राम प्रधान नीरज कुमार के साथ पुलिस फोर्स था।
गुड्डी देवी और पूनमदेवी ने दावेदारी पेश की। आम सहमति न बनने पर मतदान कराने का फैसला हुआ। इसमें गुड्डी देवी को 511 और पूनम को 385 ग्रामीणों का समर्थन मिला। इसी बीच किसी ने पथराव करना शुरू कर दिया। इससे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। आखिर ग्रामीण स्कूल की दीवार फांदकर भागने लगे।
भीड़ के दबाव से दीवार पलट गई। इसमें राजू नामक ग्रामीण घायल हो गया। सचिव रवींद्र सिंह ने कहा कि गुड्डी देवी के पक्ष में प्रस्ताव हुआ है। उधर, प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि किसी ने माहौल बिगाड़ने को एक-दो पत्थर फेंक दिए थे। पथराव की घटना से उन्होंने इंकार किया। सत्ता परिवर्तन होते ही राशन दुकानदारों के खिलाफ शिकायतें बढ़ गई। पूर्ति विभाग खुद ही इसे स्वीकार कर रहा है। हर दिन विभाग के पास दो-चार दुकानों की शिकायतें आ रहीं है।