मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र के एक गांव में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। इसके बाद एक खोखे में आग लगाते हुए दरोगा की बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा है। रिपोर्ट दर्ज करके अन्य हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव दलपतपुर निवासी अजय कुमार का गांव के ही अभिषेक से उधार के रुपये को लेकर बुधवार देर शाम विवाद हो गया। दोनों में झगड़ा होते देख किसी ने 100 नंबर पर सूचना दे दी। सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही यूपी-100 के पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिसकर्मी जब झगड़ा कर रहे लोगों को पकड़ कर ले जाने लगे तो आरोपी परिवारीजनों और ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी घेर ली। सूचना पर अलीपुरखेड़ा चौकी प्रभारी रमेश चंद्र वर्मा बाइक से हेड कांस्टेबल अभिमन्यु सिंह, एक होमगार्ड के साथ मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
बाइक
- फोटो : अमर उजाला
आरोपी अभिषेक, अजय कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठा लिया। तो इनके परिवारीजनों विजय कुमार, ललई, किशन, सेवक और घर की महिलाएं व अन्य ग्रामीणों के साथ लेकर खोखा और समीप खड़ी चौकी इंचार्ज की बाइक में भी आग लगा दी।
पुलिस ने जब विरोध किया तो आरोपी के परिवारीजनों और अराजकतत्वों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस पर हमले की सूचना मिलने के बाद कई थानों का फोर्स लेकर सीओ भोगाव परमानंद पांडेय, इंस्पेक्टर भोगांव शशिकांत शर्मा भी पुलिसबल के साथ पहुंच गए।
बड़ी संख्या में पुलिसबल के आने के बाद पुलिस पर पथराव कर उपद्रवी भाग गए। जिसके बाद पुलिस पकडे़ गए दोनों ही आरोपियों को थाने ले गई। रात भर थाने में अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
चौकी प्रभारी की तहरीर पर एक पक्ष के किशन सेवक, शीला देवी, अजय , ललई, विजय व दूसरे पक्ष के अभिषेक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई। गिरफ्तार अजय व अभिषेक को पुलिस ने चालान कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों की मानें तो गांव दलपतपुर निवासी अजीत लकड़ी के खोखा में परचून की दुकान रखे हुए था। साथ ही कच्ची व गैर प्रांत की शराब की बिक्री करता था। शराब के उधारी के रुपये के चलते ही विवाद हुआ था। चौकी इंचार्ज ने खोखा में शराब की बिक्री होने की बात कही है।
एएसपी मैनपुरी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि गांव दलपतपुर में हुई घटना में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। भागे आरोपियों की तलाश की जा रही है। चौकी इंचार्ज ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।