करहल। एसटीएफ मेरठ/नोएडा ने मंगलवार को थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित था। वह डकैती के एक मामले में वांछित चल रहा था।
थाना क्षेत्र के गांव नगला अलाइ में 24 दिसंबर 2020 को डकैती के दौरान गांव निवासी रामनरेश को बदमाशों ने गोली मार दी थी। वही उनके भाई मुन्नालाल को विरोध करने पर पीटकर घायल कर दिया था। इलाज के दौरान रामनरेश की मौत हो गई थी। उक्त मामले में डकैती के दौरान हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। उक्त मामले में पुलिस छह आरोपियों को जेल भेज चुकी है। वही मामले में घिरोर थाना क्षेत्र के गांव बड़ाहार निवासी दिलकुश फरार चल रहा था। एसपी मैनपुरी कमलेश दीक्षित की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। मंगलवार को एसटीएफ नोएडा/मेरठ के निरीक्षक राकेश चौहान के निर्देशन में एक टीम ने मंगलवार शाम करहल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में दिलकुश को सैफई बाईपास एक्सप्रेसवे पुल के नीचे मुठभेड़ मैं तमंचा और कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया की दिलकुश एक शातिर अपराधी है। उस पर विभिन्न थानों में करीब 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। मंगलवार को एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में से गिरफ्तार किया है।