शहर के शूटर्स के लिए अच्छी खबर है। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में अब उन्हें 25 मीटर शूटिंग के लिए भी प्रैक्टिस की सुविधा मिलेगी। नई शूटिंग रेंज बनकर तैयार हो गई है। जल्द ही इसके शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही आगरा प्रदेश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो जाएगा जहां 10 मीटर और 25 मीटर की शूटिंग रेंज हैं। नई रेंज में 55 लाख की कीमत का अत्याधुनिक इलेक्ट्रानिक स्कोरिंग सिस्टम लगेगा।
दरअसल, स्टेडियम में शूटिंग रेंज की नींव ओलंपिक पदक विजेता और वर्तमान केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने वर्ष 2011 में तत्कालीन डीएम अमृत अभिजात के कार्यकाल के दौरान रखी थी। इसके बाद सितंबर 2013 में 10 मीटर शूटिंग रेंज में अभ्यास शुरू हो गया था। इसके बाद 25 मीटर शूटिंग रेंज शुरू होने का इंतजार था। हालांकि अब यह बनकर तैयार हो गई है। शूटिंग रेंज के इंचार्ज रोहित जैन ने बताया कि नई रेंज तैयार है। केवल मशीन लगनी हैं। इसमें आईएसएफ (इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन) के मानकों के अनुसार बुलेट वेफल्स (कलक्टर) लगाए गए हैं। साथ ही यहां साउंड एबजौर्बिंग फाल सिलिंग (गोली की आवाज को कम करने का सिस्टम) भी लगी है। अब शूटर्स को प्री-नेशनल व नेशनल इवेंट के लिए प्रैक्टिस को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
15 शूटर कर सकेंगे अभ्यास: नई शूटिंग रेंज में एक बार में 15 शूटर प्रैक्टिस कर सकेंगे। एसआईयूएस का लेजर स्कोरिंग सिस्टम लगने के बाद इसमें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रैक्टिस कर सकेंगे।
55 लाख का स्कोरिंग सिस्टम: रोहित बताते हैं कि शूटिंग रेंज में 55 लाख रुपये की कीमत का इलेक्ट्रानिक स्कोरिंग सिस्टम और छह-छह लाख के दो टर्निंग टारगेट सिस्टम लगेंगे। जिला राइफल एसोसिएशन की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगते ही इन्हें आयात किया जाएगा। शूटर्स को यह सुविधा प्रदान करने वाला प्रदेश में आगरा पहला शहर होगा।
170 शूटर्स हैं पंजीकृत : स्टेडियम स्थित शूटिंग रेंज में 170 शूटर्स पंजीकृत हैं। ये शूटर्स प्रशिक्षक विक्रांत तोमर की देखरेख में नियमित प्रैक्टिस करते हैं। हालांकि इनमें कुछ शौकिया तो कुछ प्रदेशीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयारियां करते हैं।
100 शूटर्स भाग लेंगे स्टेट शूटिंग में: रोहित बताते हैं कि दो से छह सितंबर तक तुगलकाबाद स्थित डा. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में आगरा से प्रशिक्षक विक्रांत के साथ नेशनल मेडलिस्ट आमिर समेत 100 शूटर्स भाग लेने गए हैं।
किरावली के आमिर को मिली रेलवे में नौकरी
महज चार वर्ष पूर्व शूटिंग शुरू करने वाले शूटर आमिर बेग को रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा में नौकरी मिली है। आमिर बताते हैं कि वे मूलत: खेरागढ़ के निवासी हैं लेकिन किरावली में मामा के घर रहकर 10वीं, 12वीं की पढ़ाई पूरी की। डा. बीआर अंबेडकर विवि के स्नातक आमिर ने नेशनल शूटिंग के 50 मीटर प्रोन राइफल मुकाबले में टीम गोल्ड जीता था जिसके बाद 2014 में रेलवे ने उन्हें नौकरी दी। वे स्टेट और नेशनल में अच्छा प्रदर्शन कर विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरना चाहते हैं।
वर्जन
यूपी राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह का कहना है कि शूटिंग की बढ़ती लोकप्रियता के चलते युवाओं का रुझान इस ओर बढ़ा है। नई रेंज से उभरते शूटर्स को लाभ होगा।