आगरा में तैनात साढ़े तीन हजार पुलिसकर्मियों के लिए खुशखबरी है। उन्हें बैंक लोन अब आसानी से मिलेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि गारंटर की भी जरूरत नहीं होगी। सिर्फ आवेदन करना है और पांच लाख तक का लोन मिल जाएगा। यह सहूलियत मुमकिन हुई है पुलिस के एसबीआई के साथ अनुबंध के चलते। इस संबंध में रविवार को पहली बैठक है। अधिकारी पुलिसकर्मियों को जानकारी देंगे।
पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनने के लिए हर महीने पुलिस लाइन में सम्मेलन आयोजित किया जाता है। इसमें एसएसपी मौजूद रहते हैं। पिछले सम्मेेलनों में यह समस्या प्रमुखता से उठाई गई कि बैंक पुलिसकर्मियों को लोन नहीं दे रहे। आवेदन देखते ही तरह तरह की शर्ते लगाते हैं। उनकी कोशिश रहती है कि पुलिसवाले को लोन न दिया जाए।
इस पर पुलिस की ओर से बैंकों से जानकारी की गई। इस पर एसबीआई के अधिकारियों ने पुलिस के साथ अनुबंध किया। इसके तहत पुलिसकर्मियों को पांच लाख तक का लोन दिया जाएगा। इसके लिए सिर्फ पुलिस ऑफिस से जानकारी ली जाएगी। जो पुलिसकर्मी लोन मांगेगा, उसके वेतन आदि केबारे में जानकारी बैंक लेगा। इसके बाद लोन दे देगा।
सीओ पुलिस लाइन का भी कार्यभार देख रहे एएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों की सहूलियत के लिए यह अनुबंध हुआ है। इसके अलावा और भी कई काम किए जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों को कैशलेस उपचार मिलेगा। इसके लिए कार्ड दिए जा रहे हैं। रविवार को बैठक में इन सभी सहूलियतों के बारे में पुलिसकर्मियों को जानकारी दी जाएगी।