कासगंज। जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स ने एक भाजपा नेता पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए सीएमएस को शिकायती पत्र सौंपा है। स्टाफ नर्स का आरोप है कि अपने आप को भाजपा का नेता बताते हुए युवक के द्वारा काफी अभद्रता की गई और मेरी ओर चाय फेंक दी। बताया गया कि रात्रि के समय पटियाली स्वास्थ्य केंद्र से एक महिला को प्रसव के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया था। बृहस्पतिवार की रात्रि को जिला अस्पताल पहुंची महिला का प्रसव जल्दी कराने के लिए भाजपा जिला मंत्री जितेंद्र बघेल दबाव बनाने लगे। स्टाफ नर्स दिव्या और वार्ड सहायक ममता का कहना है कि महिला की डिलीवरी सामान्य तरीके से हो गई। डिलीवरी के बाद महिला को चाय पिलाने के लिए तीमारदारों को चाय लाने के लिए कहा। जब चाय आ गई तो प्रसूता को चाय पिलाई गई। चाय अधिक मंगाई थी। इसलिए नर्स को भी चाय दी गई। नर्स ने चाय पीने से मना कर दिया। इस पर भाजपा नेता ने चाय नहीं पीने पर एतराज जताते हुए अभद्रता शुरू कर दी और चाय मेरी ओर फेंक दी। स्टाफ नर्स का आरोप है कि उन्होंने तत्काल इसकी सूचना महिला चिकित्सक को दी। इस मामले में सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना का कहना है कि स्टाफ नर्स ने शिकायती पत्र दिया है। इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।वर्जन-
- भाजपा के जिला मंत्री पर अभद्रता का स्टाफ नर्स के द्वारा लगाया आरोप निराधार है। किसी प्रसूता की मदद के लिहाज से वह गए थे। इस मामले की जानकारी ले ली गई है- केपी सिंह सोलंकी, जिलाध्यक्ष, भाजपा