आगरा। सेंट पीटर्स कॉलेज के पूर्व छात्र अपनी यादों और रैकेट के साथ एक बार फिर कोर्ट पर खेलते नजर आएंगे। कॉलेज के ओल्ड बॉयज एसोसिएशन ने 16 से 18 जनवरी तक हिमांशु चंद्रा मेमोरियल बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन विजय नगर कॉलोनी के स्पोर्ट्सबज में किया है।
ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के सचिव भारत महाजन ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में वर्ष 1988 से 2020 तक के 42 पूर्व छात्र शामिल होंगे। मुकाबले प्रतिदिन सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे। पहले दिन सभी वर्गों के सिंगल्स मुकाबले कराए जाएंगे। खिलाड़ियों को उनके बैच के आधार पर सुपर लिजेंड्स, लिजेंड्स और स्टार्स इन तीन वर्गों में बांटा गया है।
आयोजन सचिव डॉ. पराग गौतम ने बताया कि प्रत्येक वर्ग में सिंगल्स और डबल्स के अलावा एक विशेष टीम इवेंट भी रखा गया है, जिसमें कॉलेज के चारों हाउस की टीमें भिड़ेंगी। सभी मुकाबले नॉकआउट प्रणाली से खेले जाएंगे, जिससे हर मैच निर्णायक और रोमांचक होगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व छात्र डॉ. विकास बंसल करेंगे।