फिरोजाबाद के एसएसपी आशीष तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के एसएसपी आशीष तिवारी ने सोमवार को टीएसआई प्रेमपाल सिंह सहित सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। टीएसआई एवं दो अन्य पुलिसकर्मियों पर नो एंट्री के नाम पर ट्रकों से अवैध वसूली का मामला संज्ञान में आने पर यह कार्रवाई की गई। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही और अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी आशीष तिवारी पुलिसकर्मियों के कार्यों पर सतत निगरानी कर रहे हैं। यातायात पुलिस में तैनात आरक्षी हरिपेंद्र सिंह ड्यूटी के दौरान सोते हुए मिले। जांच के दौरान टीएसआई से अभद्रता करने के कारण उन्हें निलंबित किया गया। यातायात पुलिस में तैनात उप निरीक्षक प्रेमपाल सिंह, सिपाही निशांत चौहान और संजय कुमार द्वारा नो एंट्री के नाम पर ट्रकों से अवैध वसूली का मामला सामने आया था।
इन पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई
एसएसपी की ओर से कराई गई जांच में आरोप सही पाए जाने पर तीनों को निलंबित कर दिया गया। वहीं थाना सिरसागंज में तैनात सिपाही संदीप कुमार पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने, आदेश की अवहेलना करने, ड्यूटी स्थल से गायब मिलने के कारण निलंबन की कार्रवाई की है। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सचिन कुमार और लाखन सिंह ने ड्यूटी के दौरान शराब पीकर झगड़ा किया था।
मेडिकल रिपोर्ट में शराब की पुष्टि होने के कारण दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद एसएसपी आशीष तिवारी ने पुलिसकर्मियों से साफ शब्दों में कहा है कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अभी अपनी ड्यूटी को अंजाम दें। यदि किसी ने अवैध वसूली या फिर ड्यूटी में लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।