आगरा में लॉकडाउन में चेकिंग देखने पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बबलू कुमार ने रविवार दोपहर को हरीपर्वत चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता की पजैरो कार को रुकवा लिया। पुलिसकर्मियों ने चालक से कार के कागजात मांगे, लेकिन वो दिखा नहीं सका। घर से बाहर आने का कारण भी नहीं बता सका, इस पर कार को सीज कर दिया गया।
आगरा में संक्रमित मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं, इसके बावजूद लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। पुलिस के मुकदमा दर्ज करने के बावजूद नहीं मान रहे हैं। शनिवार को शासन स्तर से स्थिति असंतोषजनक मानी गई थी।
इस पर अधिकारियों ने रविवार से सख्ती के संकेत दिए थे। एसएसपी बबलू कुमार भी खुद चेकिंग देखने निकले। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर कार को सीज कर दिया गया है।