तहसील रोड पर मेटाडोर की टक्कर से ई रिक्शा सवार छह लोगों की मौत के मामले में तीन दिन बाद एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने लापरवाही बरतने पर यातायात पुलिस के निरीक्षक, एक टीएसआई और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया। थाना नाई की मंडी के निरीक्षक प्रेम निवास शर्मा को दो दिन पहले लाइन हाजिर किया जा चुका है।
विगत 25 जून को तहसील-पंचकुइयां रोड पर मेटाडोर की टक्कर से ई रिक्शा सवार छह लोगों की मौत हो गई थी। चार लोग घायल हो गए थे। यह घटना थाना नाई की मंडी क्षेत्र में हुई थी।
मेटाडोर लोहामंडी की ओर से तहसील की तरफ जा रही थी। वहीं ईरिक्शा लोहामंडी की ओर जा रहा था। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने पूरे प्रकरण की जांच कराई। इसमें पता चला कि मेटाडोर नो एंट्री के समय में सिकंदरा से शहरी क्षेत्र में प्रवेश कर आई थी। इसके अलावा चालक शराब पीये था। ई रिक्शा ओवरलोड था।