नवागत एसएसपी दिनेश चंद्र दुबे ने शनिवार रात को पदभार ग्रहण करते ही अपने तेवर दिखा दिए। कलेक्ट्रेट में रविवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि थानों में बिना जीडी में एंट्री और बिना लिखा पढ़ी के पुलिस किसी को भी नहीं रख पाएगी। किसी को हवालात में बैठाकर अगर थानेदार ने पैसा मांग लिया तो वह अपनी कुर्सी छोड़कर चले जाएंगे। उनके रहते ऐसी जुर्रत और हिम्मत किसी की नहीं होने दी जाएगी।
मूलरूप से कुशीनगर के रहने वाले दिनेश चंद्र दुबे 2005 बैच के आईपीएस हैं। आगरा में वह 1997-98 में हरीपर्वत और कोतवाली के सीओ रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण निष्पक्ष तरीके से जल्द से जल्द होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निस्तारण इस प्रकार से हो, जिसमें जो सही पक्ष है वह स्वयं को संतुष्ट महसूस करे। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि अपराधियों के प्रति कठोर कार्रवाई वाली और जनता के लिए मित्र वाली होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सुधार के प्रयास होंगे। शहर की अनसुलझी घटनाओं के खुलासे के लिए अलग से एक टीम बनाई जाएगी। एक-एक अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाएगी। छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए एंटी रोमियो स्क्वैड काम कर रहा है। चोरी की घटनाओं के लिए अलग से स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। उधर, एसएसपी ने जहां दिन में सभी थानों की पुलिस को चेकिंग के निर्देश दिए, वहीं रात में सभी एसपी, सीओ, इंस्पेक्टर और एसओ के साथ मीटिंग ली।
कप्तान के सामने चार चुनौतियां
1- फतेहपुर सीकरी और सदर बाजार थाना में हुए बवाल के मामले में सत्ता के दबाव के चलते इस समय अफसर बैकफुट पर हैं। पुलिस का मनोबल गिरा हुआ है। कप्तान को पुलिसकर्मियों का मनोबल उठाना होगा।
2- ट्रैफिक जाम की दो बड़ी वजह हैं। न्यू आगरा के आस पास डग्गामार वाहन और हरीपर्वत थाना के पास देहली गेट पर अतिक्रमण। अगर इन पर ही काम कर लिया तो जाम से राहत मिल सकती है।
3- हरीपर्वत थाना पुलिस लताकुंज की डकैती नहीं खोल पा रही है। सदर बाजार के सामने राजपुर चुंगी की डकैती खोलने की चुनौती है । इनके अलावा बिट्टू अपहरण कांड और ग्रोवर दंपति हत्याकांड लंबे समय से अनसुलझे हैं।
4- लपकों ने पर्यटकों को परेशान कर रखा है। उनसे लूट कर रहे हैं। कहने के लिए पर्यटन का अलग से थाना है लेकिन पर्यटन पुलिस लपकों पर एक्शन नहीं ले रही।
मो. मोहसिन खान सीओ ट्रैफिक
आगरा। सीओ ट्रैफिक का चार्ज नवागत सीओ मो. मोहसिन खान को दिया गया है। एसएसपी ने उन्हें शहर में ट्रैफिक जाम के कारणों को जान प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।