मैनपुरी। शहर के सुदिती ग्लोबल एकेडमी में चल रहे केंद्रीय अंतरजनपदीय विद्यालयीय कलस्टर-4 खो-खो प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। दो वर्गों में आगरा के खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबले जीते। वहीं दो वर्गों में शहर के सुदिती ग्लोबल के छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने सफल खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार दिए। प्रतियोगिता में प्रदेश के 126 विद्यालयों के एक हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया।
खेले गए अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल मैच में सुदिती ग्लोबल एकेडमी मैनपुरी ने श्री राम एजूकेशन सेंटर कानपुर को हराकर कप पर कब्जा किया। अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल मैच में सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल विजेता तथा सुदिती ग्लोबल एकेडमी मैनपुरी उपविजेता बना। अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल मैच में सुदिती ग्लोबल एकेडमी मैनपुरी ने अमन इंटरनेशनल स्कूल मैनपुरी को 09-03 के विशाल अंतर से पराजित कर कप अपने नाम किया।
वहीं पर अंडर-19 बालक वर्ग के रोमांचक फाइनल मैच में सेंट सीएफ एंड्रयूज स्कूल आगरा की टीम विजेता एवं सुदिती ग्लोबल एकेडमी मैनुपरी की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 बालक वर्ग में बेस्ट रनर श्रीराम एजूकेशन सेंटर कानपुर के मयंक एवं बेस्ट चेजर सुदिती ग्लोबल एकेडमी मैनपुरी के सचिन रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग में बेस्ट रनर सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल की चैतन्या एवं सुदिती ग्लोबल एकेडमी मैनपुरी की रानू बेस्ट चेजर रहीं।
अंडर-19 बालक वर्ग में सेंट एंड्रयूज पब्लिक स्कूल आगरा के रोहित चौधरी बेस्ट रनर एवं सुदिती ग्लोबल एकेडमी मैनपुरी के कुशल बेस्ट चेजर रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग में सुदिती ग्लोबल एकेडमी, मैनपुरी की महक यादव बेस्ट रनर एवं अमन इंटरनेशनल की छात्रा शिखा बेस्ट चेजर रहीं।
भविष्य में बेहतर प्रयास करें : अग्निहोत्री
कैबिनेट मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री समापन अवसर पर बच्चों को सफलता का मूलमंत्र दिया। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान नहीं पा सके वे निराश न हों। भविष्य में बेहतर करने का प्रयास करें। असफलता को हमें चुनौती की तरह स्वीकार करना चाहिए। ऐसा करने से एक दिन सफलता कदम चूमेगी।
समापन पर ये रहे मौजूद
समापन कार्यक्रम में विधायक रामनरेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि एवं विनोद कुमार जनरल सेक्रेटरी उ.प्र. खो-खो फेडरेशन विशिष्ट अतिथि रहे। सीबीएसई की पर्यवेक्षक आभा शर्मा भी मौजूद रहीं। मैच रेफरी की जिम्मेदारी रवींद्र सिंह एवं राजेश कुमार वर्मा ने निभाई। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रधानाचार्य डॉ. राममोहन, प्रशासनिक प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम मोहन, सतीश यादव, सीपी पांडेय, डॉ. राकेश कुमार गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे। संचालन लव मोहन ने किया।