मैनपुरी विकास खंड की मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता में भाग लेते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। विकास खंड मैनपुरी की मिनी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिवसिंहपुर के खेल मैदान पर किया गया। कांकन न्याय पंचायत के सुनील ने चैंपियनशिप हासिल की। वहीं, बालिका वर्ग में टिंडौली की चांदनी ने 100 व 200 मीटर दौड़ में बाजी मारी।
मंगलवार को ब्लाक स्तरीय मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षाधिकारी रामशंकर कुरील ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में मैनपुरी विकास खंड की सभी न्याय पंचायतों के प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग की 100 मीटर व 200 मीटर दौड़ में टिंडौली की चांदनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में कांकन के सुनील कुमार ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ के अतिरिक्त लंबीकूद, गोलाफेंक व चक्का फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए चैंपियनशिप हासिल की। प्राथमिक वर्ग की कबड्डी में देवामई की टीम विजेता रही। समापन अवसर पर सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर खंड शिक्षाधिकारी राम शंकर कुरील, महेश चतुर्वेदी, सतीश चंद्र, कायम सिंह , रीता देवी, ब्लॉक पीटीआई उमेशचंद्र, अमरनाथ पचौरी, अभय राठौर, महेश राणा, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजीव यादव, प्रमोद कुमार, सर्वेश यादव, अरविंद कुमार आदि लोग मौजूद रहे।