फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रैली स्थल पर एसपीजी ने बदलवाए इंतजाम

Thu, 17 Nov 2016 11:46 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
एसपीजी ने गुरुवार को सभा स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 20 नवंबर को प्रस्तावित रैली के मद्देनजर एसपीजी ने गुरुवार को सभा स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभा स्थल पर कई बदलाव कराए। एसपीजी के साथ जिलाधिकारी और एसएसपी ने भी निरीक्षण किया। 
विज्ञापन

21 नवंबर 2013 में लोकसभा चुनाव के दौरान शंखनाद रैली में मंच के दाईं ओर प्रेस और मीडिया कर्मियों की बैठने की व्यवस्था थी। इस बार भाजपा नेताओं ने वही व्यवस्था की थी लेकिन एसपीजी ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होेंने पूछा कि रैली कवर करने कितने मीडियाकर्मी आएंगे। भाजपा के एक पदाधिकारी ने 500 की संख्या बताई। इस पर एसपीजी अफसरों ने हैरत जताते हुए सूचना अधिकारी को बुलाकर तस्दीक कराया। सूचना अधिकारी ने बताया कि मीडिया कर्मियों की संख्या करीब 200 होगी। इस पर एसपीजी के अफसरों ने मीडिया की व्यवस्था सामने वाले ब्लाक में करने को कहा। दाईं ओर महिलाओं और बच्चों, बायीं ओर वीआईपी दीर्घा बनाने को कहा। टीम ने प्रदर्शनी स्थल में कई फेरबदल कराए हैं। रैली के व्यवस्था प्रमुख नवीन जैन, हरद्वार दुबे, श्याम भदौरिया, विजय शिवहरे, गामा दुबे, प्रमोद गुप्ता, हेमंत भोजवानी, सुनील शर्मा, सुनील करमचंदानी, संदीप उपाध्याय, हरिओम शर्मा, ललित चतुर्वेदी, राजकुमार पथिक, मनोज शर्मा, प्रमेंद्र जैन, बाबी वर्मा आदि मौजूद रहे।

पीएम के आने पर नहीं बंद होगी शहर की ‘धड़कन’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से शहरवासियों को ज्यादा परेशानी नहीं उठानी होगी। क्योंकि वे रैली को संबोधित करने के लिए कोठी मीना बाजार मैदान में आगे से नहीं बल्कि बैकडोर से एंट्री करेंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उनके लिए एमजी रोड बंद नहीं होगा।
विज्ञापन

कोठी मीना बाजार मैदान पर पीएम की 20 नवंबर को प्रस्तावित परिवर्तन सभा की तैयारियों के संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ एसपीजी और भाजपा के नेता मौजूद थे। इसमें तय किया गया कि खेरिया हवाई अड्ड़े पर उतरने के बाद पीएम एमजी रोड की बजाय टाटा गेट, पृथ्वीनाथ फाटक, रामनगर की पुलिया होते हुए रैली स्थल पर पहुंचेंगे। यह रास्ता शहर के कम ही हिस्से को प्रभावित करता है, साथ ही यहां से हवाई अड्डे की दूरी भी कम है। एमजी रोड शहर की ‘धड़कन’ मानी जाती है। शहर के बहुत बड़े हिस्से को यह रोड कनेक्ट करती है। पीएम के आगमन को देखते हुए सौ फुट रोड सहित तमाम सड़कों की मरम्मत शुरू कर दी है। साथ ही प्रधानमंत्री देर शाम इसी रास्ते से हवाई अड्डे के लिए लौटेंगे इसके लिए स्ट्रीट लाइटें भी दुरुस्त कराई जा रही हैं। एमजी रोड वैकल्पिक मार्ग के रूप में रहेगा। बैठक में एसपीजी के अधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी गौरव दयाल, एडीएम सिटी धर्मेंद्र सिंह, नगर आयुक्त इंद्रविक्रम सिंह, सीडीओ नगेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश सहकोषाध्यक्ष नवीन जैन, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे आदि मौजूद थे। 

दूसरी बार इसी रास्ते से गुजरेंगे मोदी
प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी नवंबर 2013 में कोठी मीना बाजार मैदान में ही आयोजित रैली को संबोधित करने के लिए भी इसी रास्ते से आए थे। चूंकि तब वे प्रधानमंत्री नहीं थे, इसलिए तब व्यवस्थाएं ऐसी नहीं थीं। तब सड़कों में गहरे गड्ढों के बीच होकर उनका काफिला यहां गुजरा था। यह दूसरा मौका होगा, जब मोदी इसी रास्ते से गुजरेंगे।

तीन घंटे शहर में रहेंगे पीएम
आगरा। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली का अब तक अधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है मगर, बताया जा रहा है कि मोदी तीन घंटे ताजनगरी में रहेंगे। इसी हिसाब से तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने खेरिया हवाई अड्डे से लेकर कोठी मीना बाजार तक अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी दोपहर दो बजे के बाद आएंगे। 

विरोध प्रदर्शन की चिंता
जिला प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती नोट बंदी के बाद विपक्षियों के विरोध प्रदर्शन की है। खुफिया विभागों से मिल रही रिपोर्टों के मुताबिक, बड़ी संख्या में विरोधी दलों के लोग नोट बंदी को लेकर पीएम को काले झंडे दिखा सकते हैं। सूत्रों की मानें तो पीएम को एमजी रोड से न गुजारना विरोध प्रदर्शन की संभावना बड़ी वजह है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें