मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने पहले दो युवकों को टक्कर मारी। इसके बाद कुछ दूरी पर एक गोवंश को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि गोवंश की मौत हो गई। अनियंत्रित कार दुर्घटना के बाद पलट गई। घायल एक युवक को मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा गया है। वहीं पुलिस ने कार को थाने में खड़ा कर लिया है।
सोमवार की शाम मैनपुरी सिरसागंज मार्ग पर गांव रठेरा निवासी बृजेश कुमार पुत्र दशरथ सिंह और सुमनेश कुमार गांव के पास ही सड़क किनारे टहल रहे रहे थे। तभी अचानक कार संख्या डीएल 1 आरटीबी 8861 का चालक तेज रफ्तार से निकला और उसने बृजेश और सुमनेश को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक तेजी से कार को लेकर मैनपुरी की तरफ भागा। तीन किमी आगे गांव नई गढ़ी के पास चालक ने एक गाय को टक्कर मार दी इससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। चालक यहां भी नहीं रुका और तेजी से कार को लेकर मैनपुरी की तरफ भागता रहा। रुस्तुमपुर नहर पुल के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई।
राहगीरों ने कार में चालक सुमित पाल उसकी पत्नी दिव्या पाल और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल बृजेश, सुमनेश के साथ चालक सुमित पाल को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से बृजेश को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। वहीं सुमनेश और चालक सुमित को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बरौली चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।