आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें 40 वर्षीय जोगेंद्र की मौके पर मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए। जोगेंद्र पत्नी और बेटी के साथ समारोह से लौट रहे थे, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
आगरा के थाना जगदीशपुरा के अवधपुरी रोड पर सोमवार रात तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। रिक्शा में बैठे एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। उसकी पत्नी, बेटी और तीन अन्य घायल हुए हैं। हादसे के बाद चालक भाग गया।
विज्ञापन
मूलरूप से बिचपुरी रेलवे फाटक के पास रहने वाले 40 वर्षीय जोगेंद्र एक फैक्टरी में लेडीज चप्पल बनाते हैं। लंबे समय से खतैना क्षेत्र में पत्नी और बेटी के साथ किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार रात वह ई-रिक्शा में बैठ कर जगदीशपुरा से एक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रिक्शा में सात सवारियां थीं। अवधपुरी रोड पर मंदिर के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। सवारियां छिटक कर बाहर सड़क पर जा गिरीं।
हादसे में जोगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी अनीता और बेटी तान्या को भी चोटें आई हैं। हादसे में रिक्शा में बैठे तीन अन्य लोग घायल हैं। सभी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे में प्रतीत हो रहा था। काफी दूर से ही उसकी कार लहराते हुए चल रही थी। घर के इकलौते कमाने वाले जोगेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।