एटा के अलीगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में दोनों की ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वे दोनों दर्शन करने के लिए कैंची धाम जा रहे थे। रास्ते में ये हादसा हो गया।
एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव कलिंजर के पास मंगलवार की सुबह लोडर वाहन की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। मलावन थाना क्षेत्र के गांव लाखापुर निवासी पूर्व सैनिक अपने पिता के साथ दर्शन करने बाबा नीम करोरी के दरबार में जा रहे थे। घटना के बाद इस परिवार की दिवाली काली हो गई है।
विज्ञापन
ऐसे हुई मौत
गांव लाखापुर निवासी पूर्व सैनिक संतोष (55) अपने पिता रामनिवास (75) को बाइक पर बिठाकर मंगलवार को फर्रुखाबाद स्थित नीम करोरी धाम पर दर्शन करने जा रहे थे। अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव कलिंजर के पास सामने से आ रहे लोडर वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में संतोष का हाथ कट गया और रामनिवास भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं किसी ने कॉल के माध्यम से पीआरवी-112 को भी बुला लिया। जब तक पुलिस व पीआरवी पहुंची, रामनिवास की सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों में मचा कोहराम
घायल संतोष को अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में जैथरा कस्बा तक पहुंचते ही संतोष ने दम तोड़ दिया। घर पर घटना की जानकारी होते ही चीख-पुकार मच गई। धनतेरस और दिवाली के त्योहार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम गृह पहुंचाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। परिजन पोस्टमार्टम गृह पर पहुंचे, उनके करुण क्रंदन को देखकर वहां मौजूद लोग अपने भी आंसू नहीं रोक पा रहे थे।