कासगंज। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में 4 नवंबर से घर घर बीएलओ पहुंचेंगे। जिले की सभी विधानसभाओं में 1149 बूथों पर यह अभियान एक साथ एक माह तक यानी 4 दिसंबर तक चलेगा। डीएम प्रणय सिंह ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनसे सहयोग मांगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान चुनाव आयोग द्वारा जारी किए दिशा-निर्देशों और समय-सारणी के अनुसार आयोजित किया जाएगा। इसके पहले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण वर्ष 2003 में हुआ था। लगभग 22 वर्ष बाद पुनः भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण अभियान में 3 नवंबर तक तैयारी की जाएगी। प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्रों का मुद्रण किया जाएगा। 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का मतदाताओं को वितरण किया जाएगा एवं प्रपत्रों को भरवाकर प्राप्त किया जाएगा। 9 दिसंबर को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
9 दिसंबर से दर्ज कर पाएंगे आपत्तियां
डीएम दावे और आपत्तियां दाखिल किये जाने की अवधि 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक होगी। नोटिस जारी करने, सुनवाई एवं सत्यापन व दावे और आपत्तियों का निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्णय की अवधि 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक होगी। 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मतदेय स्थल पर 1200 से अधिक मतदाता न हों, इसके लिए मतदेय स्थलों के सत्यापन एवं सम्भाजन की प्रक्रिया भी इस दौरान पूर्ण की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी व राजनैतिकदलों के प्रतिनिधि मौजदू रहे।