कासगंज। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने अपनी हत्या होने और फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की आशंका जताई है। उन्होंने इस संबंध में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इस में उन्होंने भाजपा के लोगों पर धमकी देने का आरोप लगाया है। हालांकि वीडियो में किसी के नाम का खुलासा नहीं किया है।सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी का कहना है कि वह जनहित के मुद्दे सोशल मीडिया के माध्यम से काफी समय से उठाते चले आ रहे हैं। इन मुद्दों को उठाने पर संबंधित विभागों के अधिकारी नाराज होकर उन्हें धमकी देते हैं। इसके अलावा उन्होंने राजनैतिक दलों के द्वारा की जा रही आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत करने पर भाजपा के लोगों के द्वारा धमकी देने की बात भी कही।
उनका कहना है कि या तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसा जेल भेजा जा सकता है या फिर उनकी हत्या वाहन की टक्कर या किसी अन्य तरह से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि परिवार के लोगों को ऐसी सूची बनाकर दी है जिसमें उन लोगों के नाम है जो उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं।