आगरा में ताज की सुरक्षा, लगातार बढ़ रहे बंदरों के आतंक को लेकर समाजवादी पार्टी ने एएसआई कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यालय का गेट नहीं खुलने पर कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए।
ताजमहल की सुरक्षा, बंदरों के आतंक और पर्यटकों की बदहाल सुविधाओं को लेकर बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी ने एएसआई कार्यालय पर प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में सुबह 11:00 बजे सैकड़ों कार्यकर्ता माल रोड स्थित फूल सैय्यद चौराहे पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) कार्यालय पहुंचे।
विज्ञापन
कार्यालय गेट नहीं खोलने पर सड़क पर बैठकर सपाइयों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी ने कहा ताजमहल परिसर और उसके आसपास पर्यटकों की सुरक्षा, बंदरों के बढ़ते आतंक, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं की स्थित बदहाल है।
ताजमहल के रखरखाव पर खर्च की पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए। पूर्व पार्षद दल नेता राहुल चौधरी, सुलेखा श्रीवास्तव, ममता टपलू, नितिन वर्मा आदि मौजूद रहे।