कासगंज। पटियाली के गांव दयोरईया में चोरी की घटना के बाद तीन दिन पूर्व आक्रोश की घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापाई हुई। पुलिस ने किसान नेता सहित 21 ग्रामीणों को नामजद किया है। यह मामला अब राजनैतिक रंग लेता जा रहा है। सपा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को गांव दयोरईया जाकर मामले की जानकारी करेगा।सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने इस संबंध में पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम यादव को पत्र जारी किया। प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि दयोरईया निवासी किसान नेता कुलदीप बघेल के घर हुई चोरी और पुलिस के द्वारा की गई तोडफ़ोड़ व बर्बरता के मामले को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिनिधि मंडल को भेजने के निर्देश दिए हैं। यह प्रतिनिधि मंडल गांव में पहुंचकर सपा मुखिया को रिपोर्ट देगा। प्रतिनिधि मंडल में राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन, लोकसभा सांसद देवेश शाक्य, विधायक नादिरा सुल्तान, पूर्व मंत्री मानपाल सिंह, सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, पूर्व विधायक जीनत खान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आगरा राकेश बघेल, अब्दुल हफीज गांधी, प्रवेेंद्र राणा, राजू बघेल एवं मुनेंद्र शाक्य रहेंगे।
पीड़ित परिवार में होनी हैं दो शादियां :
दयोरईया में जो परिवार पुलिस की कार्रवाई व चोरी की वारदात से पीड़ित है। उस परिवार में दो शादियां होनी हैं। किसान नेता कुलदीप बघेल के भाई की सोमवार को बरात जानी थी, लेकिन वहीं दूसरे भाई दीपक की बरात मंगलवार को जानी थी। घर में शादियों की खुशियां चल रहीं थीं। शुक्रवार को चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। इससे परिवार परेशान हो गया। इसके बाद घटना को लेकर पुलिस से विवाद हुआ और पुलिस ने पीड़ित परिवार के लोगों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। किसान नेता कुलदीप बघेल ने बताया कि अजय की बरात में कुछ लोगों को भेजा गया है वहीं दीपक की बरात में कुछ लोग ही जाएंगे।