बिछवां पुलिस की हिरासत में गैंगस्टर में वांछित आरोपी प्रत्याशी।
- फोटो : MAINPURI
बिछवां (मैनपुरी)। गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख को पुलिस ने फर्दपुर तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के संबंध में सीओ भोगांव ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। बताया कि वर्तमान में आरोपी समाजवादी पार्टी के टिकट पर जिला पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशी है। आरोपी को जेल भेजा गया है।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव मलपुर निवासी अभिलाख राजपूत पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज हुआ था। 2020 में उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई थी। गैंगस्टर के मामले में वह वांछित चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इस बार अभिलाख प्रत्याशी सदस्य जिला पंचायत भी है। उसके नामांकन के साथ ही पुलिस गिरफ्तारी को लेकर और सतर्क हो गई थी। शुक्रवार को थाना पुलिस ने उसे मैनपुरी फर्दपुर तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के संबंध में सीओ अमर बहादुर सिंह ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। बताया कि अभिलाख गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा था। उसे न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।