अखिलेश यादव, मायावती और अजित सिंह (फाइल)
आगरा में 16 अप्रैल को कोठी मीना बाजार मैदान में गठबंधन की संयुक्त रैली होगी। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन 7 अप्रैल से देवबंद में संयुक्त रैलियों की शुरूआत करेगा। दूसरे चरण के मतदान में चुनाव प्रचार खत्म होने से कुछ घंटे पहले ही बसपा अध्यक्ष मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, रालोद अध्यक्ष अजित सिंह कोठी मीना बाजार मैदान पर संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे।
लखनऊ में सेक्टर प्रभारी और संगठन में बदलाव के बाद बसपा ने संयुक्त रैलियों की तारीख तय कर दी। आगरा में 16 अप्रैल को संयुक्त रैली होगी तो इससे एक दिन पहले 15 अप्रैल को बसपा अध्यक्ष मायावती अलीगढ़ में रैली करेंगी। 19 अप्रैल को मैनपुरी में सपा-बसपा और 20 अप्रैल को फिरोजाबाद में सपा-बसपा की संयुक्त रैली आयोजित की जाएगी।
भीमनगरी के साथ माहौल बनाने की कवायद
आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को शोभायात्रा निकलती है तो 15 से 17 अप्रैल तक भीमनगरी और जिले भर में जगह जगह आयोजन होते हैं। ऐसे में 16 अप्रैल को संयुक्त रैली कर बसपा अपने समर्थकों के जोश और उत्साह के जरिए माहौल बनाने की कवायद करेगी।