ब्लाक प्रमुख चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को लेकर चल रही अटकलबाजी पर प्रदेश नेतृत्व ने रविवार को विराम लगा दिया है। पार्टी ने आधिकारिक तौर पर जिले के सभी 15 ब्लाकों में प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सूची जारी होने के साथ ही अब चुनाव में सरगर्मी बढ़ गई है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव अरविंद कुमार सिंह गोप की ओर से जारी सूची के मुताबिक, अकोला ब्लाक में ओंकार सिंह, बरौली अहीर में सुनीता यादव, बिचपुरी में यशपाल राणा, एत्मादपुर में राजबेटी, खंदौली में जगवीर सिंह तोमर, अछनेरा में शीला देवी, फतेहपुर सीकरी में टीकम सिंह, खेरागढ़ में सुनीता, जगनेर में लक्ष्मण सिंह, सैंया में मानवेंद्र सिंह, फतेहाबाद में राकेश धनगर, शमसाबाद में सीमा यादव, जैतपुर कला में बृजरानी कोरी, पिनाहट में सुग्रीव सिंह चौहान और बाह ब्लाक में होरीलाल को ब्लाक प्रमुख का प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि अभी तक अन्य पार्टियों ने चुनाव में सक्रियता नहीं दिखाई है। लेकिन प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही समाजवादी पार्टी का पूरा संगठन सक्रिय हो गया है।
बाहर भेज दिए बीडीसी सदस्य
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली सफलता के बाद कार्यकर्ताआें के हौसले बुलंद हैं। ब्लाक प्रमुख की दावेदारी कर रहे लोगों ने पहले ही अपने समर्थक बीडीसी सदस्यों को शहर से बाहर गुप्त स्थान पर पिकनिक मनाने भेज दिया है। पिकनिक पर भेजे गए सदस्यों पर पहरा भी कड़ा है। कई दावेदार उनके परिवार के लोगों से भी वार्ता नहीं होने दे रहे हैं। जो सदस्य कम पड़ रहे हैं उनके लिए सेटिंग का ‘गेम’ जारी है।