मां द्वारा सौ रुपये नहीं देने पर एक युवक ने खुद के ही घर में आग लगा दी। इससे घर में रखा काफी सामान जल गया। वह तो अच्छा रहा कि लपटें उठती देख दौड़े ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले रखा है।
थाना क्षेत्र के गांव राजपुरा निवासी टिक्कू पुत्र बीरबल ने सुबह 10 बजे के लगभग मां मोरश्री से दवा खरीदने के लिए सौ रुपये मांगे। मां ने घर में पैसे नहीं होने की बात कही। इस पर आक्रोशित होकर उसने छप्पर में आग लगा दी। कुछ दी देर में छप्पर जलने गया।
लपटें उठती देख हड़कंप मच गया। चीख-पुकार पर गांववाले जुटे और आग पर काबू पाया। सूचना पर आई पुलिस ने टिक्कू को हिरासत में ले लिया। टिक्कू ने बताया कि दो दिन पहले उसके चाचा गुलाब सिंह, जदुनाथ व उनके पुत्रों निरंजन, पवन आदि ने पिटाई कर दी थी।
मरहम पट्टी कराने के लिए उसने मां से रुपये मांगे थे। मां ने उसे रुपये नहीं दिए तो गुस्से में आकर उसने ऐसा किया। खबर लिखे जाने तक टिक्कू थाने में ही बैठा था।