एटा के जलेसर के मोहल्ला गोलाकुंआ निवासी एक युवक ने अपने पिता की हत्या का मुकदमा तीन माह पूर्व दर्ज कराया था। इस मामले में हत्यारोपी फैसले का दबाव बना रहे थे। समझौता नहीं करने पर मुकदमा वादी और पुत्र को मार डाला गया। दादी ने आरोप लगाया है कि हत्या करने के बाद शव फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। पूर्व हत्या के मामले में एक सप्ताह पहले ही चार लोगों को जेल भेजा गया था।
कपूरी देवी का कहना है कि नाती अंकित बृहस्पतिवार को ही ननिहाल से लौटा था। इसके बाद किसी को फोन आया तो थोड़े समय में वापस आने की कहकर गया। इसके बाद नहीं लौटा तो तलाश किया गया और रात करीब 10 बजे खुद के पुराने मकान में शव रस्सी से लटका मिला। आरोप है कि पुत्र अविनाश के हत्यारोपियों ने ही नाती की हत्या की है।
मृतक अंकित के चाचा सतीश कुमार ने बताया कि भाई अविनाश की हत्या के मामले में वांछित चल रहे सौरभ उर्फ चीकुआ, सनी, सोनू और कुलदीप को जलेसर पुलिस ने 21 मई को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। जबकि गजेंद्र, प्रेमचंद्र, राहुल और हृदेश अभी भी फरार चल रहे हैं। हत्यारोपियों के जेल जाने के बाद से ही समझौता का अधिक दवाब बनाया गया था।
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। उनके द्वारा जो तहरीर दी गई है, उसकी विवेचना की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा। पूर्व के मामले में एक सप्ताह पहले ही चार हत्यारोपियों को जेल भेजा गया है, अन्य की तलाश की जा रही है। -,