टूंडला में पिता-पुत्र के संबंधों को तार-तार करने वाली घटना हुई। पुत्र ने पिता को पहले सरिया से पीट-पीटकर तब तक मारा, जब तक उन्होंने दम नहीं तोड़ दिया। इस घटना को अंजाम देने से भी पुत्र को संतोष नहीं हुआ, उसने पिता के मृत शरीर को जला भी दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
टूंडला के थाना पचोखरा के गांव मरसेना में 63 वर्षीय मुरली सिंह पुत्र राम चंद्र के तीन लड़के हैं। संतोष, धर्मेंद्र और नंद किशोर। मुरली अपने मझले (बीच के) पुत्र के साथ रहता था। उसने अपने बड़े और छोटे दोनों बेटों को 10-10 बीघा खेती दे दी थी और मझले बेटों को 70 बीघा। पिता ने धर्मेंद्र की पत्नी रेखा देवी के नाम पर खेत नाम कर दिया था। इसे लेकर पुत्रों से विवाद बढ़ने लगा था।
इसी जमीनी विवाद को लेकर पुत्र नंदकिशोर ने सोमवार देर रात पिता पर ताबड़तोड़ सरिया से हमला कर दिया। उसने पिता पर कई वार किए, जिससे मुरली सिंह की मौत हो गई। इसके बाद भी कलयुगी पुत्र का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने शव को जला दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पिता की हत्या के मामले पर सुबह तक कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पिता को रात में ही जलाने को लेकर दो भाइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि नंद किशोर फरार है। पूरा मामला जमीन बंटवारे के विवाद से जुड़ा हुआ है।