ससुराल वालों ने दामाद और उसके साथियों के खिलाफ हाईवे थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पहलवान दामाद ने ससुराल में जमकर तांड़व मचाया। पहले ससुराल वालों को पीटा। फिर उन्हें जो भी बचाने आया वो भी पहलवान के गुस्से का शिकार हो गया।
ये है मामला
हाईवे थाना क्षेत्र के देवीपुरा निवासी कुंवर पुत्र किशन सिंह ने बताया कि उनकी भतीजी लक्ष्मी की शादी पूंठरी, कोसीकलां में हुई है। लक्ष्मी का पति जय सिंह, पहलवान है। वो आए दिन लक्ष्मी के साथ विवाद करता रहता है। कई बार तो उसकी शिकायत को अनदेखा कर दिया गया, लेकिन गुरुवार को लक्ष्मी का फिर से फोन आया। उसने बताया कि पति ने उसकी पिटाई की है। इस खबर के मिलते ही मायका पक्ष के लोग गुस्से से आग बबूला हो गए।
इसलिए आया दामाद को गुस्सा
बताया गया है कि मायका पक्ष के लोगों ने दामाद से बात की। फोन पर ही दोनों ओर से बहस भी हुई, लेकिन दामाद को ये बात बुरी लग गई कि पति और पत्नी के विवाद में मायके के लोग बोल रहे हैं। इसी बात से वो नाराज हो गया और ससुराल में आ धमका।
पहलवान दोस्तों संग आया दामाद
पीड़ित परिवारीजनों ने बताया कि दामाद अपने कुछ पहलवान दोस्तों के साथ आया। यहां उसने ससुराल वालों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने के लिए आए पड़ोसी रामेश्वर और जगमोहन को भी नहीं छोड़ा। दामाद ने फायरिंग करते हुए धमकी भी दी, जिससे वे लोग दहशत में आ गए।
जिला अस्पताल में भर्ती
दामाद और उसके साथियों ने इस कदर पिटाई लगाई, जिसकी वजह से पड़ोसी जगमोहन का हाथ टूट गया है, वहीं रामेश्वर भी घायल हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दर्ज हुआ मुकदमा
वहीं मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर हाईवे थाना उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ को भी दबिश दी जा रही है।