कमरे में फर्श पर पड़ी मिलीं उत्तर पुस्तिकाएं
मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र के दीनदयाल इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट गणित का प्रश्नपत्र प्रधानाचार्य के घर में ही हल किया जा रहा था। कई सॉल्वर तो लगे ही थे, खुद प्रधानाचार्य की पत्नी भी उत्तर पुस्तिका में सवालों का जवाब लिखने की तैयारी में थीं।
जब पर्यवेक्षक डायट प्राचार्य मुकेश अग्रवाल ने टीम के साथ छापा मारा तो सॉल्वर कमरे को बंद करके भाग गए। पुलिस की मौजूदगी में जब कमरे का ताला खोला गया तो भीतर से 375 कापियां, पेपर की फोटो स्टेट कापी और गाइड मिली हैं।
सोमवार को गणित के पेपर में नकल का बड़ा खेल पकड़ा गया है। दीनदयाल इंटर कॉलेज में 375 कापियां प्रधानाचार्य के घर से बरामद की गईं हैं। इन कापियों में इंटर गणित के सवालों का जवाब लिखने की तैयारी की जा रही थी।
फर्श पर पड़ी मिलीं उत्तर पुस्तिकाएं
जिस कमरे से यह कापियां मिली हैं वह स्कूल के ऊपर ही बना है और प्रधानाचार्य का निवास है। यूपी बोर्ड के जिला पर्यवेक्षक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि वह ठीक 2:30 पर कॉलेज में पहुंचे थे। यहां परीक्षा दे रहे छात्र और बांटे गए प्रश्नपत्रों की संख्या को चेक किया तो एक प्रश्नपत्र कम मिला।
प्रधानाचार्य से पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कुछ देर बाद पर्चा मिल गया। जब गहनता से जांच की तो पता चला कि कॉलेज परिसर में ही प्रधानाचार्य का निवास है और वहां एक कमरे में कॉपी लिखने की तैयारी चल रही है। जब टीम वहां पहुंची तो मौजूद लोग कमरे को बाहर से बंद करके भाग गए।
तत्काल पुलिस को बुलाया गया और कमरे का दरवाजा खोला। देखा तो कमरे में फर्श पर कापियां पड़ी थीं। गणित की गाइड थी। जिला विद्यालय निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक दिनेश और उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
यहां अभी तक बाहर पकड़ी गईं कापियां
माना जा रहा है कि इंटरमीडिएट गणित का पेपर हल कराने के लिए मोटी डील हुई। एक कापी लिखने के 15 से 20 हजार रुपये लिए गए। इसके पीछे कॉलेज के मिलीभगत मानी जा रही है, वहीं इससे पहले कई कॉलेज प्रबंधकों के नाम भी नकल के खेल में सामने आ चुके हैं।
- गोवर्धन के मुडसेरस में बाहर लिखी जा रही थीं कापियां।
- गोकुल के मधुसूदन इंटर कालेज में बाहर लिखी गईं कापियां।
- मांट के मनी का बांस स्थित सावित्री देवी इंटर कालेज में बाहर लिखी कापियां।
- अडींग के दीनदयाल इंटर कालेज में पकड़ा गया मामला।