प्रयागराज में यूपीटीईटी में नकल कराने वाले गिरोह ने करीब दो सौ लड़कों से करोड़ों एडवांस लेकर टेट परीक्षा में पास कराने का ठेका लिया था। एसटीएफ ने धूमनंगज में भी प्राक्सी कैंडीडेट पकड़ा गया। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि टेट परीक्षा में नकल कराने के लिए तमाम कैंडीडेट से दो से पांच लाख रुपये तक लिए जा रहे हैं। अशोक नगर का रहने वाला संजय सिंह उर्फ रमेश सिंह उर्फ गुरु जी इस गिरोह का सरगना है। संजय सिंह पर निगाह रखी गई।
बुधवार को संजय सिंह के साथ भाजपा नेता चंद्रमा सिंह यादव (विद्यालय प्रबंधक), रेलवे में टेक्नीशियन अमित यादव, नैनी के अश्विनी श्रीवास्तव, सॉल्वर राजेश मिश्रा और विनोद कुमार साह तथा राजेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 180 मोबाइल, 220 सिम कार्ड, एक स्कैनर, एक इनोवा, एक मांजा कार, दो बाइक, आठ एटीएम कार्ड और चार लाख 11 हजार रुपये नकद मिले।
संजय सिंह ने सभी कैंडीडेट से सेटिंग की थी। उसी ने पंचम लाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूमनगंज के प्रबंधक चंद्रमा सिंह यादव को पेपर आउट कराने के लिए तैयार किया था। पता चला है कि इस बार गिरोह ने करीब दो सौ लड़कों से दो से पांच लाख रुपये तक लिए थे। सभी को ब्लू टूथ डिवाइस से नकल कराया जाना था।
टीईटी के चलते जाम में फंसी एंबूलेंस, बच्ची की जान गई
मथुरा में 36 केंद्रों पर टीईटी हुई। 17000 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दिनभर शहर में जाम रहा। वहीं, गोवर्धन के गोरिया मठ निवासी अनमोल की ढाई वर्षीय बेटी हेमा की तबियत खराब होने पर परिजन उसे 108 एंबुलेंस में मथुरा ला रहे थे। गोवर्धन रोड पर एंबुलेंस जाम में फंसी रही। समय से उपचार न मिलने पर बच्ची ने दम तोड़ दिया। उधर, अधूरे प्रमाणपत्रों के कारण कई परीक्षार्थी टेस्ट में शामिल नहीं हो सके।
1187 छात्रों ने छोड़ी शिक्षक पात्रता परीक्षा
फिरोजाबाद में शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन पहली पाली में 27 केंद्रों पर हुआ। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की कतारें लगीं दिखीं। पहली पाली में पंजीकृत 14901 परीक्षार्थियों में से 13714 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 1184 परीक्षार्थी परीक्षा को छोड़ गए। कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
डीएम चंद्रविजय सिंह ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अंक तालिका को लेकर सैकड़ों परीक्षार्थी नहीं दे पाए परीक्षा। मायूस होकर लौटे। टूंडला में एक केंद्र पर परीक्षा से वंचित होने पर गुस्साए अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र फाड़ दिए।