एत्मादपुर(आगरा)। कुबेरपुर स्थित आईडीजेड संस्थान देव टेक्निकल कैंपस में शुक्रवार सुबह एक सॉल्वर पकड़ा गया। उसने एसएससी एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) की परीक्षा में अभ्यर्थी की जगह पेपर हल करने का ठेका 50 हजार रुपये में लिया था। बायोमेट्रिक के दौरान शक होने पर उसे पकड़ लिया गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजा।
केंद्र व्यवस्थापक भागीरथी त्यागी ने तहरीर दी। बताया कि केंद्र पर सुबह की पाली में एसएससी एमटीएस की परीक्षा हो रही थी। अभ्यर्थी अभिषेक चौहान (निवासी बास मोहन सहाय अरेला आगरा) की जगह दूसरा शख्स परीक्षा दे रहा था। रजिस्ट्रेशन मैनेजर शिव कुमार ने बायोमेट्रिक का मिलान करते समय शक होने पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद वेन्यू हेड आकाश प्रताप सिंह को सौंप दिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह सरत कुमार (निवासी ग्राम नगला मवासी पोस्ट दौकली जिला फिरोजाबाद) है। पेपर हल करने के लिए अभिषेक से 50 हजार रुपये में सौदा तय था। पेशगी भी ली थी। उसके पास से अभिषेक का फर्जी आधार कार्ड मिला। उस पर नाम अभिषेक का और फोटो सरत की लगी थी। एक फर्जी एडमिट कार्ड भी मिला।
थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि व्यवस्थापक की तहरीर पर सरत कुमार व अभिषेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सरत को जेल भेज दिया गया। सरत खुद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है।
----