आईटीआई द्वितीय सेमेस्टर इंजीनियरिंग ड्राइंग पेपर की हल की हुई फोटो कॉपी पेपर शुरू होने से पहले चौराहे की दुकान के बाहर आपस में बांटी गई थी। इसका वीडियो
भी वायरल हुआ है। इसमें कुछ छात्र फोटो कॉपी अपने जूतों में छिपाते दिख रहे हैं।
शनिवार सुबह 10:30 बजे आईटीआई द्वितीय सेमेस्टर में इंजीनियरिंग ड्राइंग की परीक्षा थी। नगर के हजारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कालेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा
चल रही थी। यहां कालेज प्रधानाचार्य डॉ. राकेश माहेश्वरी ने परीक्षा दे रहे छात्र शाहजहां, हेमंत कुमार, अरुण शर्मा, लाजपत राय और धर्मवीर यादव के पास से हल किए
हुए पेपर की फोटो कॉपी पकड़ी थी। इसके बाद पांचों छात्रों को परीक्षा से निलंबित कर दिया गया।
बताते हैं कि पेपर आउट होने में नगर निगम चौराहा स्थित एक साइबर कैफे की भूमिका अहम है। यह कैफे कॉलेज से मात्र चंद कदमों की दूरी पर है। परीक्षा केंद्र में जाने
से कुछ मिनट पूर्व ही छात्र शाहजहां, हेमंत कुमार, अरुण शर्मा, लाजपत राय और धर्मवीर यादव ने साइबर कैफे से इंटरनेट के माध्यम से पेपर की सॉल्व कॉपी हासिल की
और उसकी फोटोस्टेट कराकर दुकान के बाहर आपस में बांट ली। इसका एक वीडियो भी रविवार को नगर में वायरल हो गया। वीडियो में छात्र फोटो कॉपी को अपने
जूतों में छुपाते हुए भी दिख रहे हैं।
इस संबंध में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. राकेश माहेश्वरी का कहना था कि साइबर कैफे कालेज के पास ही स्थित है। इस आधार पर उसकी भूमिका
का नाकारा नहीं जा सकता है। वहीं, आईटीआई के प्रबंधन ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने की बात कही है।