अमांपुर (कासगंज)। जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नौरथा के रहने वाले असम रायफल में तैनात जूनियर कमीशन अधिकारी के पद पर तैनात सैनिक की उपचार के दौरान मणिपुर में मौत हो गई। सैनिक की पार्थिव देह को आज शनिवार को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। सैनिक के शहीद होने की सूचना से परिवार में चीत्कार मचा हुआ है।शहीद सैनिक रमेश चंद्र (52) सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नौरथा के निवासी थे। उनकी तैनात असम रायफल की बटालियन में जूनियर कमीशन अधिकारी के पद पर थी। मणिपुर सीमा पर 24 जनवरी को हुई फायरिंग में उन्हें गोली लगी। उनके अलावा एक अन्य जवान भी गोली लगने से घायल हुआ था। शहीद सैनिक रमेश चंद्र के तीन गोली लगीं थीं। उनका उपचार सेना के अस्पताल में चल रहा था। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान सैनिक ने दम तोड़ दिया। सैनिक के शहीद होने की सूचना सायं के समय परिवार को मिली तो परिवार में चीत्कार मच गया। परिजनों को सेना के द्वारा बताया गया है कि शहीद सैनिक की पार्थिव देह आज शनिवार को उनके पैतृक गांव नौरथा में पहुंचेगी। पूरे परिवार में चीत्कार मचा हुआ है। सैनिक के शहीद होने की सूचना पर परिवार के रिश्तेदार भी पहुंच गए हैं। 1989 में सैनिक की असम रायफल्स में भर्ती हुई थी।