कासगंज में शुक्रवार की रात कोतवाली क्षेत्र के गांव किलोनी में मिट्टी का खनन कर रहे लोगों का ग्रामीणों ने रात में विरोध किया तो खनन माफिया से ग्रामीणों की जमकर नोंकझोंक हुई। खनन माफिया ने दहशत फैलाने को फायर कर दिए। सूचना पर रात्रि में मौके पर पुलिस भी पहुंची और खनन अधिकारी की टीम ने जाकर जेसीब, डंपर और ट्रक कब्जे में ले लिए। माफिया भाग गए।
मध्यरात्रि के समय मिट्टी का खनन करने के लिए एक जेसीबी मशीन, दो डंपर और दो ट्रक गांव में पहुंचे। गांव के एक हिस्से से जेसीबी से मिट्टी काटकर ट्रकों में भरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों को जब इस बात की जानकारी हुई तो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मिट्टी के खनन का विरोध किया। विरोध करने पर खनन माफियाओं से गालीगलौज और नोंकझोंक हुई। इस दौरान माफिया ने तमंचे से फायर कर दिया। इससे ग्रामीण और आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत खनन विभाग के अधिकारियों व पुलिस से की। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। खनन अधिकारी सुरेश कुमार भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। खनन अधिकारी ने मौके से एक जेसीबी मशीन व दो डंपर कब्जे में ले लिए। दो ट्रकों में मिट्टी भरी हुई थी उन्हें भी कब्जे में लिया। बाद में 70 हजार का जुर्माना ट्रकों पर लगाकर उन्हें छोड़ दिया गया। बिना अनुमति के मिट्टी का खनन किया जा रहा था। खनन विभाग ने कब्जे में लिए वाहन पुलिस को सुपुर्द कर दिए हैं।
बिना असलाह के पहुंची पुलिस टीम
कासगंज रात्रि के समय अवैध खनन और फायरिंग की सूचना पर समीपवर्ती कोबरा मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। हूटर बजाते हुए कोबरा मोबाइल पहुंचने पर माफिया भाग गए, लेकिन जो पुलिसकर्मी कोबरा मोबाइल पर पहुंचे उनपर असलाह नहीं था। ग्रामीण इस बात पर पुलिस कर्मियों से सवाल करते नजर आए।
ये बोले अधिकारी
खनन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मिट्टी का खनन होने की शिकायत पर रात्रि करीब 12 बजे कार्रवाई की गई। ग्रामीणों ने मौखिक रूप से फायरिंग का आरोप लगाया था, लेकिन कोई शिकायत नहीं दी है। एक जेसीबी और दो डंपर कब्जे में लिए गए हैं। जबकि मिट्टी भरे दो ट्रकों से सत्तर हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। वहीं इंस्पेक्टर वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि खनन विभाग ने किलौनी गांव में मिट्टी का खनन होने पर कार्रवाई की है, लेेकिन पुलिस को कोई तहरीर न खनन विभाग ने दी है और न ही ग्रामीणों की ओर से मिली है। पुलिस मौके पर गई थी। फायरिंग की बात गलत है।