समाज सेवा ही है मानव का सबसे बड़ा धर्म
- भोजपुरा में आरसी काॅलेज की एनएसएस इकाई का सात दिवसीय शिविर शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कुंवर आरसी कन्या इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय शिविर रविवार से प्राथमिक विद्यालय भोजपुरा पर शुरू हो गया। शिविर का उद्घाटन सभासद रेखा राजपूत ने किया। सभासद ने कहा कि समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इसलिए सभी को सामाजिक कार्य में बढ़ चढ़कर भागेदारी करनी चाहिए।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया। स्वयं सेविकाओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत गाया। एनएसएस अधिकारी प्रीति जायसवाल ने मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि प्रवीण राजपूत ने कहा कि एनएसएस का ज्ञान समाज सेवा का पाठ पढ़ाता है। सहायक कार्यक्रम अधिकारी नीतू वर्मा, मोनिका पांडेय ने सात दिन तक चलने वाले कार्यक्रम की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। स्वयं सेविकाओं ने विद्यालय परिसर में सफाई का कार्य किया। द्वितीय सत्र में स्वच्छता के ऊपर एक नाटक का आयोजन किया गया। जागरुकता रैली निकाल स्वच्छता को लेकर नारा लेखन किया। इस दौरान प्रियंका,मोनिका पांडेय यशपाल, उपदेश कुमार मौजूद रहे।