आगरा में संक्रमित मरीज बढ़ने पर एसएन मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 500 रेमडेसिविर इंजेक्शन खरीदे जा रहे हैं। इसके लिए टेंडर हो गए हैं। मरीजों के इलाज में उपयोग में लाई जा रही अन्य तीन तरह की दवाओं का भी स्टॉक किया जा रहा है।
एसएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना के गंभीर मरीज भर्ती हैं। यहां औसतन 50 से 60 मरीज भर्ती रहते हैं। इनके लिए रेमडेसिविर, हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन, आइवरमेक्टिन और आइवरमेक्टिन विद डॉक्सी दवाओं का भी स्टॉक किया जा रहा है। एसएन के लिए शासन ने बीते दिनों 75 रेमडेसिविर इंजेक्शन भेजे थे, जिसमें से 40 के करीब मरीजों को लगाए जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें- अब कैंट स्टेशन से यात्रियों को मिलेगी प्रीपेड टैक्सी, मार्च से बंद थी सुविधा
अब एसएन के पास करीब 35 इंजेक्शन बचे हैं। गंभीर मरीजों को देखते हुए रेमडेशिविर इंजेक्शन और आइवरमेक्टिन टैबलेट की और खरीद की जाएगी। 500 रेमडेसिविर इंजेक्शन की खरीद होगी, जिसके लिए शासन से 17 लाख रुपये मिल गए हैं। संबंधित कंपनी से खरीद के लिए टेंडर हो गया है। कंपनी किस्तों में जरूरत के मुताबिक इंजेक्शन की सप्लाई करती रहेगी। आइवरमेक्टिन टैबलेट की भी खरीद की जा रही है। डॉक्सी और हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन टैबलेट पर्याप्त मात्रा में है। प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि इंजेक्शन और टैबलेट की खरीद के लिए टेंडर हो गए हैं, जल्द इनकी आपूर्ति होने लगेगी।