आगरा में अपनों को खोने वाले लोगों को मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में परेशान होना पड़ रहा है। एक सप्ताह बाद प्रमाणपत्र ले जाने की बात कहकर बुलाते हैं और लोग दो-ढाई महीने से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन प्रमाणपत्र नहीं मिल पा रहा। इस कारण लोगों के बीमा, खेती के खसरा-खतौनी, समेत अन्य कार्य रुके हुए हैं।
एसएन मेडिकल कॉलेज में कोविड अस्पताल, मेडिसिन विभाग, बाल रोग विभाग, सर्जरी विभाग, इमरजेंसी, कैंसर रोग विभाग, टीबी एवं क्षय रोग और स्त्री रोग विभाग में मौत होने पर एसआईसी कार्यालय रिपोर्ट भेजी जाती है। इसके आधार पर प्रमाणपत्र तैयार होता है। लेकिन, इन विभागों से रिपोर्ट भेजने में ही 15-20 दिन लग रहे हैं। इससे रिपोर्ट की फीडिंग नहीं हो पा रही। इसके चलते दूरदराज से आने वाले परिजनों को परेशान होना पड़ रहा है। ऐसे रोजाना 10 से 15 मामले हैं।
विभागों से रिपोर्ट आने में देरी से काम प्रभावित हो रहा
एसएन कॉलेज के एसआईसी डॉ. राजेंद्र सिंह मौर्य ने कहा कि उनके यहां पर रिपोर्ट आते ही 24 घंटे में फीडिंग कर दी जाती है, लेकिन विभागों से ही संबंधित मरीज की रिपोर्ट आने में कई दिन लग जाते हैं। इससे प्रमाणपत्र बनाने का कार्य प्रभावित हो रहा है।