पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली तो होश उड़ गए। स्कूटी की डिग्गी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। तस्कर विशाखापट्टनम से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर लाता था।
आगरा के खेरागढ़ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये की अवैध चरस बरामद की है। तस्कर विशाखापट्टनम से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर लाता था और स्कूटी की डिग्गी में छिपाकर सप्लाई यहां करता था।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर मिल्सवा मार्ग स्थित आईटीआई कॉलेज (जगनेर रोड) के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। स्कूटी की डिग्गी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान फुरकान पुत्र इस्लाम निवासी नीम चौक, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्कर ने बताया वह विशाखापट्टनम से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर लाता था।
स्कूटी की डिग्गी में छिपाकर वह इस खेप को सीमावर्ती राजस्थान के इलाकों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके पास से 03 किलो 996 ग्राम चरस, एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्त काफी समय से इस काले कारोबार में लिप्त था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और स्थानीय संपर्कों की तलाश में जुटी है।