मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र की औंछा गेट चौकी पुलिस ने घर से रूठ कर निकलीं दो बच्चियों को मंगलवार शाम सकुशल परिजनों तक पहुंचा दिया। छोटे भाई से झगड़े के बाद बालिका अपनी सहेली को साथ लेकर घर से चली गई थी। तभी से दोनों के परिजन तलाश के लिए इधर उधर भटक रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अंगदपुर निवासी परशुराम प्रजापति मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। वर्तमान में वह शहर की कटघर चौकी के पास एक मकान में परिवार के साथ किराए पर रह रहे हैं। उसी मकान में औंछा के गांव बिलासपुर निवासी अवनीश कुमार व उनकी सात वर्षीय पुत्री पूजा भी रहती है। सोमवार को परशुराम की 11 वर्षीय पुत्री नीतू का छोटे भाई से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
वह गुस्से में आ गई और सात वर्षीय सहेली पूजा को साथ लेकर देर रात घर से निकल गई। काफी देर तक दोनों बच्चियों को घर में न देख परिजन घबरा गए। बच्चियों की तलाश शुरू कर दी गई। औंछा गेट चौकी इंचार्ज मनोज कुमार को सूचना देकर ढूंढने में मदद मांगी। चौकी इंचार्ज ने कांस्टेबल नरेंद्र प्रताप और शिवकुमार को तलाश में लगा दिया। खुद भी परिजनों के साथ तलाश में जुट गए। रात भर चली तलाश के बाद कोई परिणाम नहीं निकला।
मंगलवार की शाम दोनों बच्चियां माता शीतला देवी मंदिर के पास सोती हुईं मिल गईं। बच्चियों के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। चौकी पर बुलाकर बच्चियों से बात की तो नीतू ने भाई से झगड़े के बाद रूठ कर घर से चले जाने की बात बताई। उधर घर वालों को सामने देख बच्चियों के चेहरे पर भी मुस्कान छा गई। दोनों बच्चियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चियों को घर ले जाते समय परिजनों ने चौकी इंचार्ज व टीम के कार्य की सराहना की।